दुल्लहपुर बाजार में युवक का शव मिलने से सनसनी, हिट स्ट्रोक से मौत की आशंका

गाजीपुर। दुल्लहपुर मुख्य बाजार स्थित गाजीपुर-आजमगढ़ हाईवे पर सोमवार को एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बंद पड़े रेलवे गेट संख्या 11-बी के पश्चिमी हिस्से में मिले शव की पहचान जलालाबाद भागीरथपुर निवासी राजू कुमार (40 वर्ष) पुत्र संतु कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया हिट स्ट्रोक (लू लगने) से मौत की आशंका जताई जा रही है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राजू कुमार सुबह से ही रेलवे गेट के पास अचेत अवस्था में बैठा था। राहगीरों ने उसे नशे की हालत में समझा और कुछ समय बाद घर चले जाने की उम्मीद की। कई लोगों ने उसे उठाने का प्रयास किया तथा उसके सिर पर पानी भी डाला, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। दोपहर करीब 3:40 बजे उसकी मौत की पुष्टि हुई।

सूचना मिलने पर दुल्लहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। तलाशी के दौरान मृतक की जेब से कुछ नकदी, एटीएम कार्ड तथा नीलकंठ एचपी गैस का नया पंजीकरण रसीद मिला, जिसके आधार पर उसकी पहचान की गई।परिजनों के अनुसार, राजू कुमार पेशे से राजमिस्त्री था। वह पढ़ा-लिखा होने के कारण शिक्षक बनने की तैयारी भी कर रहा था। परिवार में पत्नी समीना और दो बच्चे हैं। परिजनों ने बताया कि कुछ दिनों से वह पारिवारिक कारणों से मानसिक तनाव में था। स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक के सीने पर चोट का निशान था, जिस पर पट्टी बंधी हुई थी। वह नेवी ब्लू रंग की शर्ट और जींस पहने हुए था। लोगों का अनुमान है कि भीषण गर्मी, लू या शारीरिक कमजोरी के कारण उसकी मौत हुई हो सकती है।दुल्लहपुर थाना प्रभारी वागीश विक्रम सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version