गाजीपुर में ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम, युवाओं ने अधिकारियों के सामने रखीं समस्याएं और अनुभव

गाजीपुर। युवाओं को अपनी बात रखने, अपनी समस्याओं एवं अनुभवों को साझा करने तथा सरकारी योजनाओं और अवसरों की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ब्रेकथ्रू संस्था द्वारा ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंचायती राज विभाग, स्वास्थ्य विभाग, कौशल विकास विभाग, बाल एवं महिला कल्याण विभाग तथा वन स्टॉप सेंटर के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। ब्रेकथ्रू संस्था द्वारा गाजीपुर में पिछले लगभग दो वर्षों से युवाओं, विशेषकर किशोरियों एवं युवा महिलाओं के सशक्तिकरण और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में कार्य किया जा रहा है। संस्था का प्रयास है कि युवाओं को अपने सपनों को पूरा करने के लिए आवश्यक जानकारी, अवसर और सहयोग मिल सके तथा वे अपने परिवार और समुदाय में सकारात्मक बदलाव की भूमिका निभा सकें। युवा संवाद कार्यक्रम इसी प्रयास की एक महत्वपूर्ण कड़ी रहा। कार्यक्रम में युवाओं और विभिन्न सरकारी विभागों के प्रतिनिधियों के बीच सीधा संवाद हुआ। युवाओं ने अपनी समस्याओं, अनुभवों, आकांक्षाओं और भविष्य की योजनाओं को अधिकारियों के सामने रखा। वहीं विभागीय प्रतिनिधियों ने युवाओं को अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं, सेवाओं एवं उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान ब्रेकथ्रू के साथ जुड़कर युवाओं के जीवन में आए बदलावों और उनके अनुभवों को भी सामने रखा गया। सत्यम एवं राजनंदिनी ने संवाद के दौरान अपने अनुभव साझा किए। राजनंदिनी ने डिजिटल पहल एवं ‘दे ताली’ से जुड़े अपने अनुभव बताए, जबकि सत्यम ने ब्रेकथ्रू के साथ जुड़ने के बाद मिली सीख और जीवन में आए बदलावों के बारे में बताया। कार्यक्रम में सिंगेरा ग्राम पंचायत के युवा समूहों ने सुरक्षा ऑडिट में अपनी भागीदारी और अनुभव साझा किए। युवाओं ने बताया कि उन्होंने अपने क्षेत्र में सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को चिन्हित करने का प्रयास किया। इस अवसर पर युवाओं द्वारा तैयार की गई सुरक्षा ऑडिट रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई। कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण ब्रेकथ्रू के कार्यक्षेत्र से जुड़ी चार बदलाव की कहानियों का प्रस्तुतीकरण रहा। इन कहानियों के माध्यम से युवाओं के संघर्ष, चुनौतियों, उनके प्रयासों और जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को साझा किया गया। इन कहानियों ने यह दिखाया कि सही अवसर और सहयोग मिलने पर युवा अपनी परिस्थितियों को बदलने की दिशा में प्रभावी कदम उठा सकते हैं। युवा संवाद के दौरान युवाओं एवं वयस्क सदस्य के साथ विशेष चर्चा भी हुई, जिसमें उनके अनुभव, सीख, चुनौतियों तथा ब्रेकथ्रू के साथ जुड़ने के बाद आए बदलावों पर बातचीत की गई। कार्यक्रम में मौजूद विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने युवाओं की बात को गंभीरता से सुना और उन्हें उपलब्ध सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया। ब्रेकथ्रू की ओर से युवाओं को यह संदेश दिया गया कि युवा केवल योजनाओं के लाभार्थी नहीं, बल्कि अपने गांव और समाज के विकास में सक्रिय भागीदार हैं। कार्यक्रम ने युवाओं, समुदाय और सरकारी विभागों के बीच संवाद को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं को अपनी आवाज उठाने और अपने अधिकारों एवं अवसरों के प्रति जागरूक होने का मंच प्रदान किया। कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों, विभागीय प्रतिनिधियों, युवाओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया।

No comments to show.
An error has occurred, which probably means the feed is down. Try again later.
An error has occurred, which probably means the feed is down. Try again later.
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version