गाज़ीपुर। सुहवल थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग 24 पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 13 वर्षीय छात्र आदित्य उर्फ़ प्रिंस बिंद की मौत हो गई। वह प्रतिदिन की तरह साइकिल से डुहियां स्कूल जा रहा था, तभी महुआ बाबा मोड़ के पास तेज़ रफ्तार मैजिक वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद आदित्य गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि मैजिक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा घुसा। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायल छात्र को ऑटो से अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक आदित्य अपने परिवार के साथ पिछले पांच वर्षों से बहलोलपुर गांव में नाना के घर रह रहा था। उसके पिता सुरेंद्र बिंद मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। हादसे की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। मां माया देवी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। आदित्य दो भाइयों में सबसे छोटा था।
सूचना पर प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र पांडेय पुलिस बल के साथ पहुंचे और आवश्यक विधिक कार्रवाई की। पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मैजिक वाहन को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।




