जखनिया। स्थानीय क्षेत्र के भुड़कुड़ा गांव निवासी जामवंती देवी पत्नी राजेश कुमार गोंड की जमीन को यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, शाखा जखनिया द्वारा नीलाम कर नीलामी में सफल रही व्यक्ति को कब्जा सौंप दिया गया।
स्थानीय शाखा प्रबंधक ने बताया कि जामवंती देवी ने कई वर्ष पूर्व बैंक से 3 लाख 46 हजार रुपये का आवासीय ऋण लिया था, जिसकी लंबे समय से अदायगी नहीं की जा रही थी। बैंक द्वारा कई बार ऋण जमा करने के लिए नोटिस एवं आग्रह किया गया, लेकिन ऋणधारक द्वारा राशि जमा नहीं की गई।
इसके बाद बैंक द्वारा नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उक्त संपत्ति को नीलामी में लगाया गया। नीलामी प्रक्रिया में क्षेत्र की ही अर्चना चौधरी ने उक्त संपत्ति खरीदी, जिसके पश्चात बैंक द्वारा उन्हें मौके पर विधिवत कब्जा दिला दिया गया।
नीलामी एवं कब्जा दिलाने की प्रक्रिया के दौरान यूनियन बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय गाजीपुर से अधिकृत अधिकारी विनोद कुमार, चंदन कुमार, अमरजीत पांडा, रंजीत कुमार, अश्वनी तिवारी, शिव बहादुर सिंह, नायब तहसीलदार तथा पर्याप्त पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।




