गाज़ीपुर। जनपद के ग्राम पंचायत हेतिमपुर में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य को सफल बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश द्वारा 01 जनवरी 2026 को निर्धारित अर्हता तिथि के आधार पर जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन में की गई।
बैठक में मुख्य रूप से BLO संजू गुप्ता तथा उनके सहयोगी BLA सोमनाथ उपस्थित रहे। इसके साथ ही सुपरवाइजर चंद्रशेखर सिंह ने भी भाग लेते हुए पुनरीक्षण कार्य की प्रक्रियाओं की समीक्षा में योगदान दिया।
सभी अधिकारियों और कर्मियों ने अपने-अपने बूथों के पुनरीक्षण कार्य की विस्तृत समीक्षा की और यह सुनिश्चित किया कि किसी भी प्रकार की त्रुटि या लापरवाही न हो।

जिला निर्वाचन अधिकारी, गाज़ीपुर ने बताया कि यह बैठक पूर्ण रूप से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण के प्रत्येक चरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। अधिकारियों और कर्मियों को निर्देशित किया गया कि गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन से लेकर नामावली के अंतिम प्रकाशन तक सभी प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन किया जाए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने समस्त ERO, AERO एवं संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आदेशों का पालन प्रत्येक चरण में अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी जोर दिया कि BLO और BLA की सक्रिय भागीदारी को और अधिक प्रभावी बनाना आवश्यक है, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता और पारदर्शिता बनी रहे।
बैठक में उपस्थित अन्य अधिकारियों—सुरेन्द्र यादव, अवधेश यादव, जगन्नाथ यादव, धर्मेन्द्र, अश्वनी, अंगद पासवान, सुनील मिश्रा सहित स्थानीय कर्मियों ने भी अपने सुझाव देकर पुनरीक्षण प्रक्रिया को और सुदृढ़ बनाने में योगदान दिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी में मतदाता सूची की सटीकता सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक मतदाता का डेटा समय पर अपडेट करना तथा विसंगतियों का तत्काल समाधान आवश्यक है, ताकि चुनावी प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनी रहे।
बैठक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि प्रशासन एवं निर्वाचन कर्मियों की सक्रिय भागीदारी ही लोकतंत्र की नींव को मजबूत बनाती है। अधिकारी आशावान हैं कि यह विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य समयबद्ध ढंग से सम्पन्न होकर आगामी चुनावों की तैयारी को और अधिक सुदृढ़ करेगा।



