गाजीपुर। जिले के अलग-अलग विकासखंडों की महिला पीआरडी जवानों ने ड्यूटी को लेकर कई समस्याएं सामने रखते हुए समाधान की मांग की है। महिला जवानों का आरोप है कि अक्टूबर माह में उनकी ड्यूटी शासनादेश के अनुसार निर्धारित दूरी के बजाय मुख्यालय से करीब 50 से 60 किलोमीटर दूर कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में लगाई गई है। इससे उन्हें आने-जाने में परेशानी हो रही है।महिला जवानों का कहना है कि विद्यालयों में ड्यूटी करने का भुगतान भी कई महीनों बाद किया जाता है। उनका आरोप है कि पूरे महीने ड्यूटी करने के बावजूद 31 तारीख की ड्यूटी का भुगतान नहीं किया जाता। इसके अलावा कुछ विद्यालयों में उनसे 12-12 घंटे की ड्यूटी करने की मांग की जा रही है। जवानों के मुताबिक, कई कस्तूरबा विद्यालयों की वार्डेन यह कह रही हैं कि उन्हें महिला पीआरडी जवानों की आवश्यकता नहीं है, जबकि दूसरी ओर उनसे 12 घंटे की ड्यूटी की मांग की जा रही है। देवकली ब्लॉक के कस्तूरबा विद्यालय में भी 12 घंटे की ड्यूटी को लेकर विवाद होने की बात कही गई है।महिला पीआरडी जवानों ने अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर ड्यूटी, भुगतान और कार्य अवधि से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराने की मांग की है।



