
गाजीपुर। सुहवल थाना क्षेत्र में स्वाट टीम और सुहवल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक शातिर गौ-तस्कर मुठभेड़ में पुलिस की गोली से घायल हो गया। जिसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि गोवंश से भरी पिकअप को एक तस्कर और पिकअप चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। फिलहाल पुलिस फरार तस्करों की तलाश में जुटी हुई है। पकड़े गए गौ तस्कर के पास से तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की गई है। इस बात की पुष्टि सीओ जमानिया अनिल कुमार ने की है। इस दौरान उन्होंने बताया कि स्वाट प्रभारी अपनी टीम के साथ रात्रि गश्त पर थे, तभी रजागंज की तरफ से गोवंश से भरी पिकअप और मोटरसाइकिल सवार तस्करों के आने की सूचना मिली। पुलिस ने जब वाहनों को रोकने की कोशिश की तो बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और बारा की तरफ भागने लगे। जिसके बाद स्वाट टीम ने तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना देकर पीछा शुरू किया। कालूपुर मोड़, थाना सुहवल के पास पुलिस ने जब घेराबंदी की तो बदमाशों ने फिर से पुलिस टीम पर गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की फायरिंग से एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा। घायल बदमाश का नाम सैफ पुत्र अख्तर है, जो नोनहरा थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने घायल तस्कर को सीएचसी रेवतीपुर भेजा, जहाँ उसका उपचार चल रहा है। वहीं उसका एक साथी और पिकअप चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहा। गिरफ्तार बदमाश सैफ पर कई जनपदों में गौ-कानून और आर्म्स एक्ट से जुड़े गंभीर मुकदमे पहले से दर्ज हैं।अयोध्या, आज़मगढ़, बलिया और मोहम्मदाबाद में उसके खिलाफ गौवध निवारण अधिनियम के तहत कई मामले चल रहे हैं। फिलहाल पुलिस फरार तस्करों की तलाश में कॉम्बिंग ऑपरेशन चला रही है और मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।



