गाजीपुर। मरदह क्षेत्र के ग्राम सभा बिरहा में मऊ शहर स्थित शारदा नारायण अस्पताल द्वारा निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में सैकड़ों ग्रामीणों ने विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांच कराकर लाभ उठाया। चिकित्सा शिविर के दौरान शुगर, ब्लड प्रेशर, आंखों की जांच, ईसीजी, पीएफटी, बाल एवं शिशु रोग तथा नेत्र जांच जैसी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। इसके साथ ही जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक दवाएं भी वितरित की गईं।
शिविर के दौरान शारदा नारायण अस्पताल के निदेशक डॉ. संजय सिंह ने लोगों को हाई ब्लड प्रेशर के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि उच्च रक्तचाप के कारण नसों में रक्त का दबाव बढ़ जाता है, जिससे नींद की समस्या के साथ-साथ हार्ट अटैक और ब्रेन अटैक का खतरा भी बढ़ जाता है। उन्होंने युवाओं में अनियमित जीवनशैली, तनाव और काम के दबाव को हाई बीपी का मुख्य कारण बताया। डॉ. सिंह ने सिरदर्द, धुंधली दृष्टि, चक्कर आना, अत्यधिक थकान और सांस लेने में तकलीफ को हाई ब्लड प्रेशर के प्रारंभिक लक्षण बताते हुए कहा कि समय रहते उपचार न होने पर इससे हृदय, किडनी और आंखों को गंभीर नुकसान हो सकता है।
इस अवसर पर शारदा नारायण अस्पताल, मऊ से डॉ. सुजीत सिंह, डॉ. मालिक आतुर रहमान, नवीन, सतीश सिंह, डॉ. राहुल एवं डॉ. इना यादव सहित अन्य चिकित्सक मौजूद रहे। शिविर में रामबिलास सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई।



