गाजीपुर । सादात स्थानीय रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर स्थित अति प्राचीन शिव मंदिर (कुटिया) के जीर्णोद्धार और नवीन प्रतिमाओं की स्थापना के उपलक्ष्य में 14 फरवरी शनिवार को नगर में भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इस बाबत जानकारी देते हुए पूर्व चेयरमैन राजनाथ यादव ने बताया कि मंदिर में भगवान गणेश, नंदी, सरस्वती, द्वारपाल और शनिदेव की नई प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। यह कार्य मंदिर के शिखर निर्माण के साथ-साथ पूरे जीर्णोद्धार के तहत किया गया है। कलश यात्रा के बाद नगर में शोभा यात्रा भी निकाली जाएगी। अगले दिन, महाशिवरात्रि के अवसर पर, विशेष पूजन-अर्चन और प्रसाद वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने समस्त नगरवासियों और श्रद्धालुओं से इस धार्मिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का अनुरोध किया है।



