
गाजीपुर। मोहम्मदाबाद स्थित ईदगाह में ईद के मौके पर बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की। इस दौरान समाजवादी पार्टी के सांसद अफजाल अंसारी, मोहम्मदाबाद विधायक शोएब अंसारी और मऊ विधायक अब्बास अंसारी अपने पूरे परिवार के साथ मौजूद रहे। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और इलाके में अमन-चैन व भाईचारे की दुआ की। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। नमाज के बाद मीडिया से बातचीत में सांसद अफजाल अंसारी ने अंतरराष्ट्रीय मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “ईद की खुशियां तो हम भी नहीं मना रहे हैं। डोनाल्ड ट्रंप की दादागिरी के आगे देश के रहनुमा झुके हुए हैं।” उन्होंने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजराइल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू का नाम लेते हुए कहा कि “ट्रंप की दादागिरी के आगे देश के रहनुमा भी झुके हुए नजर आ रहे हैं।” सांसद ने कहा कि भारत की विदेश नीति हमेशा फिलिस्तीन के समर्थन में रही है, लेकिन मौजूदा हालात में समझ नहीं आ रहा कि क्या बदल गया है। वहीं पेट्रोलियम संकट के सवाल पर उन्होंने कहा कि युद्ध के बावजूद ईरान भारत की जनता को तकलीफ नहीं देना चाहता, इसका ध्यान रख रहा है लेकिन न जाने क्यों हमारे पीएम अमेरिका के आगे झुक जा रहे हैं, उन्होंने मोदी के लिए एक मुहावरा भी बोला कि “मान न जान हम तेरे मेहमान” ट्रंप की जमात में खड़े हैं, जहां उनकी कोई कदर नहीं, कोई वैल्यू नहीं, रुसवा कर रहा है, उन्होंने दावा किया कि ट्रंप ने बयान दिया है कि मैं जब चाहूँ तब नरेंद्र मोदी का करियर खत्म कर दूंगा। ये क्या है, उन्होंने चलते चलते दावा किया कि मेरी बात नोट कीजिए ये जंग ट्रंप और नेतन्याहू की सत्ता के पतन का कारण बनेगी।



