गाजीपुर: कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बीच जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने 100 जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए। यह कार्यक्रम तहसील सदर स्थित जिला पंचायत सभागार में आयोजित किया गया।
जिला प्रशासन के अनुसार तहसील सदर क्षेत्र में अब तक लगभग 1300 कंबल गरीब, असहाय, वृद्ध एवं निराश्रित लोगों के बीच वितरित किए जा चुके हैं। ठंड के प्रकोप को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड में है और लगातार राहत कार्य संचालित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों की सहायता करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि ठंड के मौसम में एक कंबल जरूरतमंद व्यक्ति के लिए बड़ी राहत साबित होता है। सांसद ने यह भी बताया कि जनपद में चिह्नित स्थानों पर प्रतिदिन अलाव की व्यवस्था की जा रही है तथा रैन बसेरों का संचालन भी सुनिश्चित किया गया है, ताकि कोई भी व्यक्ति ठंड के कारण असहाय न रहे।
कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान उपजिलाधिकारी सदर रविश गुप्ता, तहसीलदार सदर, नायब तहसीलदार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय लोगों ने भी सहभागिता निभाई और जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे राहत कार्यों की सराहना की।
कंबल पाकर लाभार्थियों के चेहरों पर संतोष और राहत स्पष्ट रूप से देखने को मिली।




