गाजीपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मिश्रबाजार इलाके में स्थित काली माता मंदिर के समीप मंगलवार की शाम करीब छह बजे कार सवार बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। सूत्रों के मुताबिक ‘महाकाल गैंग’ के सरगना और उसके साथियों ने मिलकर इस घटना को अंजाम दिया हैं। घटना के पीछे पुरानी रंजिश का मामला प्रकाश में आ रहा है। अति भीड़भाड़ वाले इलाके में सरेशाम घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश कार की गति को हाईस्पीड में करके मौके से फरार हो गये। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कम्प मच गया। जानकारी के मुताबिक मुफतीगंज मुहल्ला निवासी (लौटन इमली पुलिस चौकी) 25 वर्षीय मुहम्मद कैशन पुत्र मुहम्मद दाउद नामक युवक बाइक से मिश्राबजार इलाके में गया हुआ था। इस दौरान ठीक उसके बगल में आकर एक चार पहिया गाड़ी रुकी और उसमें सवार एक बदमाश ने पिस्टल निकालकर कौशेन पर दो राउंड गोलियां दाग दी। एक गोली उसके पेट में और दूसरी गोली गले में लगी। युवक मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। बेखौफ ढंग से इस हौलनाक घटना को अंजाम देकर कार सवार बदमाश मौके से फरार हो गये। मोहांव गांव में सोमवार की रात्रि में हुए गोलीकांड की घटना से अभी शहर कोतवाली पुलिस उबर भी नहीं पाई थी कि मिश्रबाजार में सरेराह हत्या किये जाने की घटना ने पूरे महकमे को हिलाकर रख दिया।आनन-फानन में घायल युवक को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों ने हमलावरों में से एक का चेहरा पहचान लिया है। सूत्रों के मुताबिक उक्त हमलावर महाकाल गैंग से जुड़े हुए हैं, जिसके खिलाफ थाने में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज है। इस सम्बंध में शहर कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि अभी मृतक के परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज होगा।



