
गाजीपुर । मरदह थाना क्षेत्र के नरवरपुर गांव में आज एक तरफ जहां काशी दास के भव्य पूजन की तैयारी चल रही थी। पूजन की तैयारी कि खुशियां दिल दहला देने वाली घटना में तब्दील हो गया।गांव के सुरेंद्र पंथी के घर आयोजित इस पूजा में जब हरा बांस खड़ा किया जा रहा था, तभी अनपरा- कसारा मऊ 400 केवीए हाई टेंशन तार की चपेट में आ गए। जिसकी वजह से 7 युवक झुलस गए। जिसमे से 4 की मऊ के फातिमा अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, 50 फीट ऊंचाई से गुजर रही तार ने बांस को खींच लिया। बांस में तत्काल आग लग गई। करेंट से झुलसे हुए सात लोगों में चार छोटे लाल यादव (35), रविंद्र यादव (29), गोरख यादव (23) और अमन यादव (22) को फातिमा हॉस्पिटल मऊ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, संतोष यादव (25), जितेंद्र यादव (22) और एक अज्ञात व्यक्ति का इलाज अभी जारी है।घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ सदर एसडीएम मनोज पाठक व मरदह थाना अध्यक्ष तारावती यादव मौके पर पहुंचीं। हालांकि इस घटना को लेकर प्रदेश के मुखिया योगी आदित्य नाथ ने संज्ञान लिया और घटना के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की।बता दें कि सुरेंद्र पंथी, जिन्हें काशी दास पूजन में सिद्धहस्त माना जाता है, के घर पर ही इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे गांव और प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। यह आयोजन, जो श्रद्धा और आस्था का प्रतीक था, अब शोक और संवेदना का केंद्र बन गया है।




