गाज़ीपुर। भांवरकोल थानाक्षेत्र अंतर्गत एनएच-31 स्थित तेतरिया मोड़ के नहर पुलिया के पास शुक्रवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय शांति देवी की मौत हो गई। शादी से लौट रही वृद्धा को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक और खलासी वाहन छोड़कर पैदल ही फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, मोहम्मदाबाद के तिवारीपुर गांव निवासी शांति देवी पत्नी सत्यदेव एक विवाह समारोह में शामिल होने गई थीं। कार्यक्रम के बाद वह अपने भतीजे के साथ कोटवां स्थित मंगला भवानी मंदिर से बाइक पर सवार होकर घर लौट रही थीं। जैसे ही वे तेतरिया मोड़ के पास पहुंचीं, तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मारते हुए उन्हें कुचल दिया।
सूचना मिलने पर भांवरकोल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराई। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। हादसे में प्रयुक्त ट्रक को पुलिस ने थाने भेज दिया है और चालक की तलाश जारी है।
मृतका के घर हादसे की खबर पहुंचते ही कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



