जखनियां (गाजीपुर)। उत्तर प्रदेश खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन का 15वां राज्य सम्मेलन आगामी 10, 11 एवं 12 जनवरी को मुरादाबाद में आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन में गाजीपुर जनपद से आठ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भाग लेगा।
गाजीपुर से जाने वाले प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कामरेड बी.बी. सिंह, वीरेंद्र गौतम एवं राम अवध राम करेंगे। प्रतिनिधिमंडल में पिंटू यादव, सुरेंद्र भारती, शीला देवी, अनीता तथा आदिवासी शकुंतला शामिल हैं।

इस संबंध में जानकारी देते हुए कामरेड बी.बी. सिंह ने कहा कि यह सम्मेलन ऐसे समय में आयोजित हो रहा है, जब वैश्विक स्तर पर साम्राज्यवादी ताकतें आक्रामक भूमिका में हैं और देश के भीतर केंद्र व राज्य सरकारों द्वारा झूठ, लूट, नफरत और डर की राजनीति को बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि देश की जल, जमीन, जंगल, कल-कारखाने, बंदरगाह, बीमा, बैंक, एयरपोर्ट, विमानन और खनन जैसे महत्वपूर्ण संसाधन पूंजीपतियों और कॉरपोरेट घरानों को सौंपे जा रहे हैं। सम्मेलन में मनरेगा, सार्वजनिक वितरण प्रणाली (राशन), आवास, शौचालय, आयुष्मान कार्ड, पोषण आहार जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं की रक्षा तथा इनके विस्तार के लिए संघर्ष पर गंभीर विचार-विमर्श किया जाएगा।
कामरेड बी.बी. सिंह ने बताया कि सम्मेलन में संविधान, लोकतंत्र और आज़ादी की हर कीमत पर रक्षा करने का संकल्प लिया जाएगा। साथ ही आदिवासी, दलित, अति पिछड़े वर्ग और अल्पसंख्यकों पर हो रहे हमलों के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आज देश में जाति, धर्म के साथ-साथ दवा, हवा और पानी तक को जहरीला बना दिया गया है, जिसके खिलाफ संगठित और व्यापक संघर्ष की आवश्यकता है। इन सभी मुद्दों पर सम्मेलन में विस्तार से चर्चा की जाएगी।



