अजीत विक्रम
गाजीपुर। समाजवादी पार्टी के तत्वावधान में जिलाध्यक्ष गोपाल यादव की अध्यक्षता में पार्टी कार्यालय समता भवन में दुनिया में लोकबंधु के नाम से विख्यात स्वर्गीय राज नारायण जी की पुण्यतिथि पर माल्यार्पण कार्यक्रम एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।
गोष्ठी के शुभारंभ से पूर्व कार्यकर्ताओं ने स्व. राज नारायण के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और लोकतंत्र, संविधान एवं जनहित की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने स्व. राज नारायण के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि वे इस देश की आम जनता की सशक्त आवाज थे। उन्होंने जीवन भर अन्याय, जुल्म और शोषण के खिलाफ संघर्ष किया। आम आदमी के हक के लिए उन्होंने एक-दो नहीं बल्कि लगभग 17 वर्ष जेल में बिताए और अपने जीवनकाल में करीब 80 बार जेल गए।
उन्होंने कहा कि स्व. राज नारायण सत्ता के नहीं बल्कि सत्याग्रह के पुजारी थे। आज़ादी के बाद जब देश में अंग्रेजियत बढ़ रही थी, तब उन्होंने ‘अंग्रेजी हटाओ आंदोलन’ की शुरुआत की, जिसकी शुरुआत बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से हुई और बाद में यह आंदोलन देशभर में फैल गया। गरीबों, किसानों, मजलूमों और कमजोर वर्गों के लिए वे हमेशा संघर्षरत रहे।
पूर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव ने कहा कि राज नारायण ने राजनीतिक संघर्ष को धारदार बनाने के साथ-साथ विचार और आचरण से कार्यकर्ताओं की एक मजबूत फौज खड़ी की। उन्होंने कांग्रेस की तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को चुनाव और न्यायालय—दोनों में पराजित किया। वर्ष 1977 में जनता पार्टी की सरकार के दौरान उन्होंने दोहरी सदस्यता के खिलाफ सवाल उठाते हुए आरएसएस के विरोध में भी मोर्चा खोला। दलित उत्थान के लिए उन्होंने बड़े आंदोलन किए और काशी विश्वनाथ मंदिर में दलितों के प्रवेश का मार्ग प्रशस्त कराया।
जिला उपाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी अरुण कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि वर्तमान समय में चुनावी कदाचार और लोकतांत्रिक मूल्यों पर हो रहे हमलों के कारण देश एक बार फिर राज नारायण जी को शिद्दत से याद कर रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे हालात में उनके संघर्ष और सिद्धांतों के रास्ते पर चलने की जरूरत है।
इस अवसर पर बीना यादव, अशोक कुमार बिंद, सदानंद यादव, रविन्द्र प्रताप यादव, अमित ठाकुर, रामयश यादव, जुमाउद्दीन अहमद, आत्मा यादव, आजाद राय, मदन यादव, राजेश यादव, परशुराम बिंद, शेर अली राईन, विजय शंकर यादव, जगत मोहन बिंद, वंश बहादुर कुशवाहा, आनंद यादव, रामाशीष यादव, सुग्गु यादव, अनिल यादव, संतोष कुमार यादव, धर्मचंद यादव, तिलक प्रधान, रमेश यादव, द्वारिका यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष कन्हैया लाल विश्वकर्मा ने किया।




