गाजीपुर। गहमर थाना क्षेत्र में पुलिस ने तिहरे हत्याकांड से जुड़े दो वांछित इनामी अपराधियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। गुरुवार सुबह हुई इस कार्रवाई में पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपी घायल हो गए। पुलिस के अनुसार 1 जनवरी 2026 की रात ग्राम भटपुरवा स्थित एक बगीचे में तिहरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया था। इस जघन्य वारदात के बाद से आरोपी फरार चल रहे थे और उनकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई थी।

मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी:- गहमर थाना पुलिस टीम रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तिहरे हत्याकांड के वांछित आरोपी ग्राम भटपुरवा स्थित बगीचे में छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी कर दी। खुद को घिरा देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के दाहिने पैर में और दूसरे आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध देशी तमंचे (.315 बोर), दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
- अमन सिंह (19) पुत्र अरविंद सिंह
- अरविंद सिंह (22) पुत्र अंजनी सिंह
दोनों आरोपी ग्राम गहमर पट्टी खेलूराय, थाना गहमर, जनपद गाजीपुर के निवासी हैं। पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भदौरा भेजा।
अब तक पांच आरोपी गिरफ्तार, एक महिला भी शामिल:- पुलिस के अनुसार तिहरे हत्याकांड में कुल 12 नामजद आरोपी हैं, जबकि कुछ अज्ञात भी शामिल बताए जा रहे हैं। अब तक इस मामले में पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें एक महिला आरोपी भी शामिल है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के निर्देशन और रणनीति के तहत यह कार्रवाई सफल रही, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और शांति व्यवस्था बनी रही। पूरी कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में गहमर थाना पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस ने मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।




