गाजीपुर, महराजगंज। प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विद्युत बिल राहत योजना के अंतर्गत 33/11 केवी उपकेंद्र महराजगंज क्षेत्र में विशेष कैंप आयोजित कर बकाया उपभोक्ताओं को राहत प्रदान की गई। अवर अभियंता रविन्द्र नाथ सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कैंप में लगभग 80 बकायेदार उपभोक्ताओं ने रजिस्ट्रेशन कराते हुए कुल 1,46,540 रुपये जमा किए।
विभागीय अधिकारियों ने कैंप में मौजूद उपभोक्ताओं को जानकारी देते हुए बताया कि बिल राहत योजना का लाभ इसी माह तक उपलब्ध है। योजना के अंतर्गत बकाया बिल पर सरचार्ज में छूट प्रदान की जा रही है। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाते हुए अपने पुराने बकाया बिलों का निस्तारण करा लें, ताकि भविष्य में विद्युत आपूर्ति बाधित न हो।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिन उपभोक्ताओं पर केस संख्या 135बी या 138बी के तहत बकाया चल रहा है, उन्हें भी योजना में शामिल कर विशेष राहत दी जा रही है। ऐसे मामलों में राजस्व निर्धारण धनराशि पर 40 प्रतिशत तक की छूट प्रदान की जा रही है, जिससे ग्रामीण उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिल रही है।
कैंप के दौरान उपभोक्ताओं की अच्छी-खासी भीड़ रही। विभागीय कर्मचारियों ने उपभोक्ताओं को बिल गणना, उपलब्ध छूट तथा भुगतान प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर अवर अभियंता रविन्द्र नाथ सिंह के साथ सुनील यादव, संजय सिंह, शशिकांत मौर्य, राजेश कुमार, संदीप, शिवप्रकाश, जनमेजय, प्रवीण कुमार, आर.पी. सिंह तथा लाइनमैन मोहित कुमार सहित अन्य विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।
विद्युत विभाग की अपील
विद्युत विभाग ने सभी बकायेदार उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए शीघ्र अपने बकाया बिल जमा कर राहत योजना का लाभ उठाएं, ताकि अनावश्यक कार्रवाई से बचा जा सके और नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।




