गाजीपुर। जमानियां कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाते हुए गुरुवार को 96 टेट्रा पैक अंग्रेजी शराब के साथ पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। बरामद शराब की कुल मात्रा 17.28 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 20 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, आगामी होली पर्व के मद्देनजर अपराध एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। जमानियां पुलिस गश्त पर थी, तभी मुखबिर की सूचना के आधार पर अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
हेतिमपुर नहर पुलिया के पास से पहलाज कुमार (20 वर्ष), निवासी गोविन्दपुर, थाना बिन्द, जिला नालन्दा (बिहार) को 20 टेट्रा पैक शराब के साथ पकड़ा गया। उसके विरुद्ध मु0अ0सं0 55/2026, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
इसी क्रम में करजही रेलवे स्टेशन के पास से राजेश बिन्द (22 वर्ष), निवासी गोविन्दपुर, थाना बिन्द, जिला नालन्दा (बिहार) को 18 टेट्रा पैक शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में मु0अ0सं0 56/2026 के तहत कार्रवाई की गई।
बडेसर नहर पुलिया से रवीश कुमार (45 वर्ष), निवासी दिलावरपुर, थाना बिहटा, जिला पटना (बिहार) तथा संतोष बिन्द, निवासी मोकर, थाना करौना, जिला जहानाबाद (बिहार) को 39 टेट्रा पैक शराब के साथ पकड़ा गया। दोनों के विरुद्ध मु0अ0सं0 57/2026 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
इसके अतिरिक्त गाय घाट मोड़ से दीपक बिन्द, निवासी गोविन्दपुर, थाना बिन्द, जिला नालन्दा (बिहार) को 19 टेट्रा पैक शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। इस मामले में मु0अ0सं0 58/2026 के तहत कार्रवाई की गई।
प्रभारी निरीक्षक राम साजन नागर ने बताया कि बरामद शराब को जब्त कर सभी अभियुक्तों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तारी अभियान में उपनिरीक्षक बृजेश्वर यादव, उपनिरीक्षक मनोज कुमार मिश्रा एवं उपनिरीक्षक अजय भारती सहित जमानियां कोतवाली पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




