गाजीपुर। गंगाप्रसाद रामप्रसाद यादव इंटर कॉलेज, रुहीपुर से जुड़े 13 शिक्षकों एवं सेवानिवृत्त शिक्षकों के खिलाफ फर्जी पीपीओ (पेंशन भुगतान आदेश) तैयार कर कोषागार से पेंशन और ग्रेच्युटी लेने के आरोप में नगर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। यह कार्रवाई जिला विद्यालय निरीक्षक एवं उप शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) पंचम मंडल, वाराणसी के निर्देश पर की गई।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि संबंधित शिक्षकों ने कूटरचित एवं फर्जी पीपीओ तैयार कर सरकारी धन का अवैध रूप से लाभ लिया। मामले में भारतीय दंड संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।
एफआईआर में जिन लोगों को नामजद किया गया है उनमें सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य कमला सिंह यादव, मीना देवी, रामनाथ राम, पारसनाथ सिंह यादव, राधेश्याम यादव, अशोक कुमार पाण्डेय, दुबरी सिंह यादव, बनवारी सिंह यादव, पतिराज राम, राम अवध सिंह यादव, धूमा सिंह यादव, विजय शंकर राय तथा विजय कुमार यादव शामिल हैं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दस्तावेजों की जांच और संबंधित विभागों से रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



