
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश एड्स नियंत्रण सोसाइटी, लखनऊ के निर्देश पर सोमवार को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम परिसर में एक सामान्य स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को समय रहते स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक करना था।
शिविर में नेत्र जांच, टीबी, एचआईवी, हेपेटाइटिस, सिफलिस, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, वजन, बीएमआई एवं हृदय संबंधी जांच की गई। इसके अलावा सामान्य शारीरिक परीक्षण भी किए गए। जांच के उपरांत मरीजों को निःशुल्क दवाइयां, चिकित्सकीय परामर्श एवं स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के अधिकारी, चालक, परिचालक, अन्य कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ. रविरंजन ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समय रहते रोगों की पहचान संभव होती है, जिससे उपचार आसान हो जाता है।
जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह ने टीबी एवं एचआईवी से बचाव, समय पर जांच तथा नियमित इलाज की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। वहीं निगम अधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों का स्वस्थ रहना संस्थान की कार्यक्षमता के लिए अत्यंत आवश्यक है और भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।



