गाजीपुर/ कासिमाबाद: कासिमाबाद थाना क्षेत्र के सुरवत गांव में शनिवार रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर से नकदी और कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए। पीड़ित पवन कुमार राय ने मामले की तहरीर कासिमाबाद थाना पुलिस को दी है।
पीड़ित के अनुसार, शनिवार रात करीब 12 बजे से 3 बजे के बीच अज्ञात चोर उनके घर में घुसे। जिस कमरे में अलमारी और बक्सा रखा था, उसके दरवाजे पर बाहर से लगा ताला चोरों ने काट दिया। इसके बाद चोरों ने सुनियोजित तरीके से घर के सदस्यों को बाहर निकलने से रोकने के लिए उस कमरे की सिटकनी बाहर से बंद कर दी, जिसमें पवन कुमार राय और उनके भाई का परिवार सो रहा था।
सुबह करीब 3:30 बजे जब पवन कुमार राय शौच के लिए उठे, तो उन्होंने देखा कि घर के सभी दरवाजे खुले हुए थे। घर के भीतर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था, साड़ियां और कपड़े बिखरे हुए थे, जबकि अलमारी और बक्से टूटे पड़े थे। जांच करने पर पता चला कि चोर आभूषण और नकदी लेकर फरार हो चुके हैं।
पीड़ित के मुताबिक, चोरी हुए आभूषणों में छह अंगूठियां, दो जोड़ी कान के झुमके, दो सीकड़ी, दो कान टप, एक हार, एक मांगटीका, एक नथिया, एक सेट कान का झाला, एक मंगलसूत्र और एक कान की बाली शामिल हैं। इसके अलावा घर से 2 लाख 30 हजार रुपये नकद भी चोरी हुए हैं। चोरी की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही कासिमाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा जल्द ही घटना के खुलासे का दावा कर रही है।



