गाजीपुर। नववर्ष के शुभ अवसर पर गाजीपुर पुलिस ने आमजन को बड़ी राहत देते हुए एक ऐतिहासिक और सराहनीय कार्रवाई को अंजाम दिया है। जनपद गाजीपुर की सर्विलांस पुलिस टीम ने गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 957 मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें उनके वास्तविक धारकों को सौंप दिया।

बरामद किए गए मोबाइल फोन की अनुमानित कुल कीमत लगभग 1 करोड़ 62 लाख रुपये आंकी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुमशुदा मोबाइल फोन को लेकर सर्विलांस सेल को प्राप्त प्रार्थना पत्रों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए यह बड़ी सफलता हासिल की गई। पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के कुशल निर्देशन एवं पर्यवेक्षण में सर्विलांस सेल द्वारा जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से इन सभी मोबाइल फोन को तकनीकी माध्यम से ट्रेस कर बरामद किया गया।

दिनांक 01 जनवरी 2026 को आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के माध्यम से सभी बरामद मोबाइल फोन संबंधित आवेदकों को विधिवत सुपुर्द किए गए। नववर्ष के अवसर पर अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर मोबाइल धारकों के चेहरे खुशी से खिल उठे। मोबाइल धारकों ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए पुलिस अधीक्षक गाजीपुर एवं सर्विलांस टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए गाजीपुर पुलिस की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
इस पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक सुमित बालियान, प्रभारी सर्विलांस सेल, जनपद गाजीपुर, अपनी टीम के साथ मोबाइल बरामदगी के मुख्य कर्ता रहे। गाजीपुर पुलिस की यह पहल न केवल तकनीकी दक्षता का उत्कृष्ट उदाहरण है, बल्कि नववर्ष के अवसर पर इस कार्यवाही ने पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और अधिक मजबूत किया है।




