गाजीपुर। रेलवे कार्य के लिए मिट्टी गिराकर लौट रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे से आक्रोशित गैबीपुर और ताजपुर गांव के लोगों ने सड़क जाम कर दिया और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने के साथ ही मिट्टी ढुलाई का मार्ग बदलने की मांग की।
जानकारी के अनुसार ताजपुर निवासी मिथिलेश बिंद शुक्रवार की देर शाम गैबीपुर गांव से काम करके घर लौट रहे थे। इसी दौरान गैबीपुर अंडरपास के पास रेलवे कार्य के लिए मिट्टी गिराकर लौट रही खाली ट्रैक्टर-ट्राली ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और सड़क जाम कर दिया। लोगों का कहना था कि सिंगल सड़क होने के बावजूद रेलवे कार्य में लगे मिट्टी ढुलाई के ट्रैक्टर तेज रफ्तार से दौड़ाए जा रहे हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही।
ग्रामीणों ने बताया कि रेलवे के कार्य के लिए सिधरा गांव से मिट्टी मंगाई जा रही है, जिसके लिए बड़ी संख्या में ट्रैक्टर लगाए गए हैं। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने, ट्रैक्टर चालकों पर कार्रवाई करने और मिट्टी ढुलाई के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित करने की मांग की।




