गाजीपुर। अपर जिलाधिकारी (वि0रा0) की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश दिवस एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर आगामी 23 जनवरी 2026 को समस्त नागरिक सुरक्षा जनपदों में आयोजित होने वाली ब्लैकआउट मॉकड्रिल की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मॉकड्रिल के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, स्वास्थ्य सेवाएं, अग्निशमन, आपदा प्रबंधन एवं समग्र सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने बताया कि इस मॉकड्रिल का उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय को मजबूत करना और आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली का प्रभावी परीक्षण करना है।
उन्होंने कहा कि मॉकड्रिल के सफल आयोजन के लिए सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें।
बैठक में अपर उप जिलाधिकारी विनोद जोशी, जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र सरोज, क्षेत्राधिकारी सदर, नोडल अधिकारी नागरिक सुरक्षा, जिला युवा कल्याण अधिकारी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही आपदा विशेषज्ञ अशोक राय, नागरिक सुरक्षा के पदाधिकारी अभिषेक सिंह एवं कृष्ण कुमार गुप्ता भी बैठक में मौजूद रहे।



