गाजीपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के तत्वावधान में स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर के खेल मैदान में आयोजित अंतर महाविद्यालयी क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 2 जनवरी को खेला गया। प्रतियोगिता की शुरुआत 28 दिसंबर को हुई थी, जिसमें विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

फाइनल मैच में डॉ. भीमराव अंबेडकर पीजी कॉलेज, जौनपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया, जबकि मोहम्मद हसन पीजी कॉलेज, जौनपुर की टीम उपविजेता रही।
फाइनल मुकाबले में डॉ. भीमराव अंबेडकर पीजी कॉलेज की ओर से अजीत वर्मा ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 80 रनों की शानदार पारी खेली, जिसके दम पर टीम ने निर्धारित ओवरों में 148 रन का स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए मोहम्मद हसन पीजी कॉलेज की टीम 19.3 ओवर में 126 रन पर सिमट गई, जिससे डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज ने मैच जीत लिया।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि एवं महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए कहा कि क्रिकेट में सफलता केवल प्रतिभा से नहीं, बल्कि कठोर परिश्रम, अनुशासन और ईमानदारी से प्राप्त होती है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना बनाए रखने और नियमों का पालन करने की प्रेरणा दी तथा कहा कि यही गुण जीवन के हर क्षेत्र में सफलता दिलाते हैं।
इस अवसर पर खेल प्रभारी अशोक कुमार सिंह, डॉ. मनोज कुमार मिश्रा, डॉ. अतुल कुमार सिंह, डॉ. आई. आर. पाठक, डॉ. अरुण कुमार सिंह, विश्वविद्यालय पर्यवेक्षक डॉ. संजय कुमार, विजय प्रकाश, शशांक पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
महाविद्यालय प्रशासन ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। यह प्रतियोगिता युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और संघर्ष की भावना को सुदृढ़ करने में सफल रही।



