
गाजीपुर । जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से गैंगेस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात हेरोइन तस्कर जैनेंद्र प्रताप उर्फ मुन्ना की 35 लाख 70 हजार रुपये की दो मंजिला इमारत को कुर्क कर लिया है। ये कार्रवाई मंगलवार को सदर कोतवाली क्षेत्र के तुलसीपुर छावनी लाइन गांव में की गई।जैनेंद्र प्रताप, जो बबेड़ी गांव थाना कोतवाली का रहने वाला है, उसके खिलाफ जिले के कई थानों में हेरोइन तस्करी समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं। प्रशासन ने यह कार्रवाई जिलाधिकारी के आदेश पर गैंगेस्टर एक्ट की धारा 14(1) और गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम 1986 की धारा 3(1) के तहत की है।कुर्क की गई संपत्ति 0.354 हेक्टेयर भूमि पर बनी दो मंजिला आलीशान इमारत है, जिसकी अनुमानित कीमत 35 लाख 70 हजार रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई का नेतृत्व तहसीलदार राजीव यादव ने किया, जिसमें भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मुनादी कराकर संपत्ति को सील किया गया।



