नंदगंज थाना क्षेत्र के आंकुशपुर गांव के पास सोमवार देर शाम रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से एक 60 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान मदनहीं गांव निवासी हरिहर निषाद (60) के रूप में हुई है। बताया गया कि वह सोमवार को सहेड़ी गांव में मजदूरी करने गए थे और देर शाम घर लौटते समय आंकुशपुर के पास रेलवे लाइन पार कर रहे थे। इसी दौरान वाराणसी से गाजीपुर जा रही ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। मृतक की पुत्री पिंकी निषाद ने नंदगंज थाने में तहरीर दी। थाना प्रभारी राजकुमार शुक्ला ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।



