गाजीपुर। गोराबाजार स्थित PG College Ghazipur के बीए द्वितीय वर्ष के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुक्रवार सुबह छात्र लार्ड कार्नवालिस के पास अचेत हालत में मिला, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजन उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।जानकारी के अनुसार मुहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के अहिरौली निवासी विनोद खरवार का 20 वर्षीय पुत्र आयुष खरवार पीजी कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र था। वह रोज की तरह शुक्रवार सुबह अपने गांव से कॉलेज जाने के लिए निकला था। दोपहर में परिजनों को मोबाइल पर सूचना मिली कि आयुष की तबीयत अचानक बिगड़ गई है और वह अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है।सूचना मिलते ही उसका बड़ा भाई प्रदीप मौके पर पहुंचा और आयुष को मेडिकल कॉलेज अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक Mahendra Singh ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



