गाजीपुर। दुल्लापुर थाना क्षेत्र के बहलोलपुर चौकी अंतर्गत मृदा–जलालाबाद नवनिर्मित 124 डी मार्ग पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में नाबालिग बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। बच्चा मछली पकड़कर साइकिल से घर लौट रहा था, तभी एक ब्रेजा कार ने उसे टक्कर मार दी।

मृतक की पहचान मनदीप गिरी (लगभग 13 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय राम बदन गिरी, निवासी चैनपुर रानीपुर, जनपद मऊ के रूप में हुई है। मऊ जनपद गाजीपुर की सीमा से सटा हुआ है। बताया गया कि मनदीप बहलोलपुर क्षेत्र में एक गड्ढे में मछली पकड़ने गया था और लौटते समय यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार अपनी दिशा में जा रही थी, इसी दौरान बच्चे द्वारा अचानक साइकिल मोड़ दिए जाने से वह कार की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मनदीप को गंभीर चोटें आईं और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। यह दुर्घटना अपराह्न करीब 2:10 बजे हुई।
दुर्घटना में शामिल ब्रेजा कार का नंबर यूपी 70 ईपी 8752 बताया जा रहा है, जिस पर लाल रंग से “हाई कोर्ट” लिखा हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कार पास के ही रतनपुर गांव की बताई जा रही है।
परिजनों ने बताया कि मनदीप तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका था, जिसके बाद परिवार आर्थिक कठिनाइयों से गुजर रहा था। सबसे छोटे बेटे की असमय मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।




