गाजीपुर। कोऑपरेटिव बैंक एम्प्लॉइज यूनियन उत्तर प्रदेश का 29वां प्रांतीय अधिवेशन 13 व 14 दिसंबर को वाराणसी में आयोजित किया जाएगा। यह पहला अवसर है जब यूनियन का प्रांतीय अधिवेशन पूर्वांचल में होने जा रहा है। अधिवेशन प्रताप पैलेस, परेड कोठी, वाराणसी कैंट में सम्पन्न होगा।
वाराणसी मंडल के मंडलीय मंत्री आनंद कुमार त्रिपाठी ने गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में बताया कि संगठन आज प्रदेश के कोऑपरेटिव बैंक कर्मचारियों की मज़बूत आवाज़ बन चुका है। उन्होंने कहा कि यह अधिवेशन संगठन को और अधिक प्रभावी तथा निर्णायक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने बताया कि बाबा विश्वनाथ की नगरी में आयोजित यह अधिवेशन कई दृष्टि से विशेष होगा। अधिवेशन में 16 बैंकों से संबंधित समीक्षा, कर्मचारियों के वेतनमान पुनरीक्षण, जिला सहकारी बैंकों के कर्मचारियों के सी-69 वेतनमान की प्रगति, आयुक्त एवं निबंधक स्तर पर लंबित मांगों की समीक्षा, पेंशन योजना सहित कुल 15 एजेंडा पर विचार किया जाएगा।
अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्वी उत्तर प्रदेश संपर्क प्रमुख मनोज जी उपस्थित रहेंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के निबंधन और पंजीयन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल होंगे।
अधिवेशन के पहले दिन की अध्यक्षता जिला सहकारी बैंक वाराणसी की अध्यक्ष सुमन अजय राय करेंगी।
त्रिपाठी ने बताया कि अधिवेशन में शामिल होने वाले प्रतिनिधियों को गंगा आरती और बाबा विश्वनाथ के दर्शन का भी अवसर मिलेगा।
इस मौके पर गाजीपुर यूनिट के अध्यक्ष जयबीर सिंह, मंत्री विजयकृष्ण यादव, प्रांतीय परिषद सदस्य दिग्विजय सिंह यादव और विजय कुमार उपस्थित रहे।




