गाज़ीपुर। नंदगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की विवाहिता ने रोते हुए थाने पहुंचकर पति और उसके साथियों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया। महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति का गांव की एक महिला से नाज़ायज़ संबंध है और उसी के कहने पर उसे घर से निकालने की साज़िश रची गई।
विवाहिता ने बताया कि जून 2025 में हिंदू रीति-रिवाज़ से उसकी शादी मंजीत चौहान से हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद ही पति का अफेयर शुरू हो गया और वह उसके साथ मारपीट व गाली-गलौज करने लगा। अक्टूबर 2025 में पति और उसकी कथित प्रेमिका घर आकर उससे मारपीट करने लगे और दिन में ही उसे घर से निकाल दिया।
पीड़िता अपने भाई की मदद से मायके चली गई, लेकिन इसके बाद पति कई मोबाइल नंबरों से फोन कर जान से मारने की धमकी देता रहा और पैसे की मांग भी करता रहा। घबराई पीड़िता ने उसकी धमकियों का ऑडियो रिकॉर्ड कर पुलिस अधीक्षक और महिला सेल में शिकायत दी।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नंदगंज पुलिस ने पति सहित चार लोगों के खिलाफ BNS की धारा 85, 115(2), 352, 351(4) और दहेज निषेध अधिनियम की धारा 3 व 4 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



