जमानियां। प्राचीन बलुआ घाट के सौंदर्यीकरण के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का बुधवार को नगर पालिका परिषद जमानियां के अध्यक्ष जय प्रकाश गुप्ता ने निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति का जायजा लिया।
उल्लेखनीय है कि पूर्व कैबिनेट पर्यटन मंत्री प्रकाश सिंह के अथक प्रयास से बलुआ घाट के सौंदर्यीकरण हेतु पक्का घाट का निर्माण कराया गया था, हालांकि कुछ कार्य अभी भी अधूरे पड़े हैं। घाट के बगल में शमशान घाट स्थित होने के कारण स्नानार्थियों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। इन्हीं समस्याओं को देखते हुए नगर पालिका परिषद द्वारा स्नान घाट के विस्तार का निर्णय लिया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष जय प्रकाश गुप्ता द्वारा विगत दिनों भूमि पूजन कर स्नान घाट निर्माण कार्य का शुभारंभ कराया गया था। बताया गया कि लगभग 37 लाख रुपये की लागत से अलग पक्का स्नान घाट का निर्माण किया जा रहा है। अध्यक्ष ने कहा कि स्नान पर्वों के दौरान श्रद्धालुओं को भारी भीड़ में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, जिसे ध्यान में रखते हुए घाट का विस्तार किया जा रहा है।
जय प्रकाश गुप्ता ने बताया कि पक्का घाट का विस्तार पूर्ण होने के बाद जमानियां कस्बा स्थित घाट को हाईटेक स्वरूप में विकसित किया जाएगा। देव दीपावली समेत अन्य प्रमुख स्नान पर्वों को ध्यान में रखते हुए घाट का नवीनीकरण आधुनिक सुविधाओं के साथ किया जाएगा, जिससे भीड़ प्रबंधन बेहतर हो सके और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम स्नान अनुभव प्राप्त हो।
उन्होंने कहा कि यह जमानियां का पहला हाईटेक स्नान घाट होगा, जिसमें आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मकर संक्रांति, डाला छठ जैसे पर्वों और मेलों के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
पालिका अध्यक्ष ने निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए और कहा कि घाट के विकास से धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।




