गाजीपुर। मरदह थाना क्षेत्र अंतर्गत दुर्गुशी गांव के पास स्थित महाहर धाम के मुख्य गेट के समीप खुलेआम मुर्गा व मछली की अवैध बिक्री किए जाने का मामला सामने आया है। मांस की बिक्री बिना किसी पर्दे एवं अत्यंत अस्वच्छ स्थिति में की जा रही थी, जिससे दुर्गंध फैल रही थी और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्थिति यह थी कि लोग मुंह ढककर उस मार्ग से गुजरने को मजबूर थे।

इस अव्यवस्था से परेशान स्थानीय ग्रामीणों ने राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष सूर्यभान पाण्डेय को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही उन्होंने एक टीम गठित की और स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने तत्काल स्थानीय पुलिस को अवगत कराते हुए अवैध मांस बिक्री पर कार्रवाई की मांग की।
सूचना पर डायल 112 पुलिस टीम एवं स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और 112 टीम के संयुक्त प्रयास से अवैध रूप से लगाई गई सभी मांस की दुकानों को तत्काल हटवा दिया गया। इस दौरान पुलिस ने दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी कि सार्वजनिक सड़कों और धार्मिक स्थलों के निकट मांस की बिक्री प्रतिबंधित है तथा नियमानुसार धार्मिक स्थल से निर्धारित दूरी (100 से 500 मीटर) के भीतर मांस बिक्री नहीं की जा सकती। नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के बाद क्षेत्र में स्थिति सामान्य हो गई। स्थानीय ग्रामीणों एवं राहगीरों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय से उन्हें इस समस्या का सामना करना पड़ रहा था। लोगों ने राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष सूर्यभान पाण्डेय, उनकी टीम और स्थानीय पुलिस प्रशासन की तत्परता व जिम्मेदार कार्रवाई की खुले तौर पर प्रशंसा की।
महाहर धाम जैसे धार्मिक स्थल के प्रवेश द्वार के पास इस प्रकार की गतिविधियों को लेकर क्षेत्रवासियों में काफी नाराजगी थी। कार्रवाई के बाद लोगों ने उम्मीद जताई कि आगे भी प्रशासन और संबंधित संगठन मिलकर धार्मिक स्थलों की मर्यादा, स्वच्छता और आमजन की सुविधा का विशेष ध्यान रखेंगे।
— अजीत विक्रम



