
गाजीपुर । सादात थाना क्षेत्र के बुढनपुर में घर के बाहर सो रहे बुजुर्ग किसान की गोली मारकर हत्या से सनसनी फैल गई है। 60 वर्षीय प्रेम प्रकाश राय की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना उस समय की है जब प्रेम प्रकाश रात को अपने घर के बाहर मच्छरदानी लगाकर सो रहे थे। रात के अंधेरे में किसी ने उनके सिर में गोली मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इस बात की पुष्टि सीओ सैदपुर अनिल कुमार ने शुक्रवार की दोपहर डेढ़ बजे की है।बता दें कि सुबह जब गांववालों को घटना की जानकारी हुई, तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सैदपुर सर्किल के सीओ अनिल कुमार और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने विधिक कार्रवाई के बाद शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए गाजीपुर भेज दिया।मृतक की पत्नी प्रतिमा राय ने बताया कि उनके तीन बेटे सुशील, किशन और आयुष मुंबई में रहते हैं। उन्होंने एक पड़ोसी का नाम लेते हुए बताया कि कुछ दिन पहले उसका उनके पति से विवाद हुआ था।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। जल्द ही इस जघन्य हत्या के पीछे कारण का पता लगाने में जुटी हुई है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।



