गाजीपुर। डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि प्रियंका गांधी गाजा जैसे अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर तो खुलकर बयान देती हैं, लेकिन बांग्लादेश में हिंदुओं के कथित नरसंहार पर उनकी चुप्पी सवाल खड़े करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रियंका गांधी जिन मुद्दों पर बोलती हैं, उनकी भाषा अक्सर देशहित के बजाय “दुश्मन देश” की सोच से प्रभावित नजर आती है।
भाजपा सांसद ने कहा कि विपक्ष की इसी नकारात्मक राजनीति के चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। उन्होंने दावा किया कि विपक्षी दलों के पास अब कोई ठोस जनहित का मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वे अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं और धीरे-धीरे राजनीतिक रूप से हाशिए पर जा रहे हैं।
कांग्रेस नेता इमरान मसूद के उस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए, जिसमें उन्होंने प्रियंका गांधी को प्रधानमंत्री बनाने की बात कही थी, डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि प्रियंका गांधी और राहुल गांधी का प्रधानमंत्री बनने का सपना देखना “मुंगेरीलाल के हसीन सपने” जैसा है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश का नेतृत्व कर रहे हैं, तब तक प्रधानमंत्री की कुर्सी खाली नहीं है।
डॉ. बलवंत ने कहा कि देश की जनता विकास, सुरक्षा और स्थिर नेतृत्व के साथ खड़ी है और यही कारण है कि भाजपा लगातार मजबूत होती जा रही है।



