
गाजीपुर । कासिमाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पाली में गुरुवार की रात मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। गांव के ही दो मनबढ़ युवकों ने गांव के ही एक युवक की पिटाई कर रहे थे कि इसी बीच बीच-बचाव करने पहुंची उसकी मां को धक्का दे दिया। जिसकी वजह से गिर गई और मौके पर ही मौत हो गई। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ शुक्रवार की दोपहर 1 बजे मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। मृतका की पहचान 53 वर्षीय मंशा देवी पत्नी ज्ञानेंद्र प्रजापति के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, गुरुवार की रात लगभग 11 बजे उनका बेटा विधिचंद प्रजापति घर लौट रहा था। तभी गाँव के दो युवक आलोक राय उर्फ छोटू राय और अश्वनी राय ने उस पर हमला कर दिया। शोरगुल सुनकर जब मंशा देवी बीच-बचाव करने पहुंचीं, तो दोनों हमलावरों ने उनका गला पकड़ कर धक्का दे दिया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से मृतका के परिवार में कोहराम मचा गया। मृतका के पति ज्ञानेंद्र प्रजापति ने आरोपित युवकों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं पीड़ित बेटा विधिचंद ने बताया कि वह बाहर प्राइवेट नौकरी करता है और कुछ दिन पहले ही घर आया था। आरोप है कि दोनों युवक उससे पार्टी करने के लिए पैसा मांग रहे थे, मना करने पर यह वारदात हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले पर कोतवाल नंदकुमार तिवारी का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और शीघ्र ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा ।



