
गाजीपुर। सादात नगर के वार्ड छह में स्थित शिव मंदिर की दानपेटी का ताला तोड़कर चोर पैसा चुरा लिए। इसकी जानकारी श्रद्धालुओं को शुक्रवार की सुबह हुई, जब वह मंदिर पर पूजा करने पहुंचे तो दानपेटी का ताला टूटा था और उसके पास में ही शिवलिंग के अर्घ्य पर रखी पिंडी मिली। चोरों ने इसी पिंडी से ताला तोड़ने के बाद अंदर पड़ा दान का पैसा चुरा लिया। गौरतलब है कि इसी मंदिर परिसर में ही भजन कीर्तन का आयोजन किया गया था, जो गुरुवार की देर रात तक चला। आसपास के लोगों का कहना है कि भजन कीर्तन समाप्त होने के बाद जब सब लोग अपने घर चले गए होंगे तब चोर अपनी कारस्तानी को अंजाम दिया होगा। इस हरकत में नशेड़ीबाज किस्म के लोगों की संलिप्तता होने की आशंका जताई जा रही है। लोगों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे उप निरीक्षक अनिरुद्ध द्विवेदी ने मौका मुआयना करते हुए आसपास के लोगों से इस बाबत जानकारी ली। एसओ धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि मौका मुआयना कर तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि बीते 05 फरवरी को भी चोरों ने टाउन एरिया कार्यालय के बगल में स्थित दुर्गा, काली मंदिर और बीएसएनल टावर के पास दुर्गा मंदिर की दानपेटी तोड़कर पैसा चुराया था। मंदिरों में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर श्रद्धालुओं ने चिंता जताई है।



