गाजीपुर। सादात श्री महंत शिवदास उदासीन इंटर कॉलेज (समता) एवं बापू इंटर कॉलेज सादात के कुल 183 एनसीसी कैडेटों को हथियार चलाने के लिए फायरिंग रेंज का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। यह प्रशिक्षण वाराणसी स्थित 89 बटालियन बीएचयू कैंपस में दिया गया, जिसमें कैडेटों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। गौरतलब है कि समता पीजी कॉलेज सादात के ग्राउंड पर फायरिंग रेंज उपलब्ध है, लेकिन सुरक्षा कारणों के चलते उच्चाधिकारियों से अनुमति न मिलने के कारण इन कैडेटों को 89 बटालियन बीएचयू वाराणसी बुलाकर प्रशिक्षण दिया गया। समता इंटर कॉलेज के 90 कैडेट (58 छात्र और 32 छात्रा) अलग अलग ग्रुप बनाकर गुरुवार को 89 बटालियन बीएचयू के कैंप में पहुंचे। कॉलेज के प्रबंधक इंजीनियर सभाजीत सिंह यादव, प्रधानाचार्य राजेश कुमार सिंह यादव और कैप्टन सर्वेश कुमार सिंह यादव के निर्देशन में यह कैडेट प्रशिक्षण के लिए गए थे। यहां 89 बटालियन बीएचयू के कर्नल रोशन वर्मा के मार्गदर्शन में कैडेटों को फायरिंग का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में समता कालेज की गुड़िया, गौरी, शालू, प्रीति, आरती, निधि, खुशी, सचिन यादव, राम आशीष, श्यामसुंदर, शिवम, सूरज, आशीष कुशवाहा, मनीष, दीपक, प्रियांशु, आयुष, सूर्या, राजकुमार, दिग्विजय, आश्विन, अमन, नीरज सहित कुल 90 कैडेट शामिल रहे। इससे एक दिन पहले, बापू इंटर कॉलेज के 93 एनसीसी कैडेटों ने भी डीएसटी और फायरिंग प्रशिक्षण प्राप्त किया था। यह प्रशिक्षण कॉलेज के प्रबंधक सुशील सिंह, प्रिंसिपल कैप्टन उदयभान सिंह और लेफ्टिनेंट शुभम सिंह के निर्देशन में कैडेटों को मिला। बापू के एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट शुभम सिंह और समता इंटर कालेज के कैप्टन सर्वेश कुमार सिंह यादव ने बताया कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य एनसीसी कैडेटों में निशानेबाजी की दक्षता बढ़ाना है। साथ ही इसका लक्ष्य सैन्य अनुशासन, आत्मसंयम और आत्मविश्वास का विकास करना भी है।



