गाजीपुर। तीन दिन से लापता युवक का शव बुधवार को कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के गंगौली स्थित रसूलपुर गांव में बंद पड़े एक प्राइवेट स्कूल से बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। परिजनों ने हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगाया है।जानकारी के अनुसार, कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के हसनपुर निवासी 19 वर्षीय बाला लखंदर राम पुत्र गोविंद राम 24 मई को घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। बुधवार सुबह उसका शव रसूलपुर स्थित बंद पड़े प्राइवेट स्कूल में मिला।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने पुलिस को शव उठाने से रोक दिया और रसूलपुर नहर पुलिया के पास कासिमाबाद-मुहम्मदाबाद मार्ग जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।मौके पर पहुंचे कोतवाल राजनारायण ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन मामला शांत नहीं हुआ। बाद में एसडीएम लोकेश कुमार और सीओ अनुभव राजर्षि मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।



