गाजीपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद Afzal Ansari की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सड़क, बिजली, बाढ़, खाद, पेंशन, स्वास्थ्य और पेयजल समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।सांसद ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने और किसानों को उनकी जोत के अनुसार खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। आगामी बरसात और संभावित बाढ़ को देखते हुए गंगा किनारे व बाढ़ प्रभावित गांवों में राहत तैयारियां, पशुओं का टीकाकरण और मोबाइल मेडिकल वैन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में जल जीवन मिशन की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई गई। वहीं, 30 जीवित लोगों को मृत दिखाकर उनकी पेंशन बंद किए जाने के मामले की जांच कर तत्काल पेंशन बहाल करने के निर्देश दिए गए। बिजली विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल उठे और जले ट्रांसफॉर्मरों को समय पर बदलने तथा उपभोक्ताओं का उत्पीड़न रोकने की बात कही गई।सांसद ने जर्जर सड़कों, स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टरों की कमी, नहरों में पानी, पेयजल और स्कूलों की मरम्मत जैसे मुद्दों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी निर्देशों के समयबद्ध पालन का आश्वासन दिया।



