गाजीपुर। शासन के निर्देश के क्रम में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला तथा पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह द्वारा कल 25 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले प्रारंभिक अर्हता परीक्षा 2026 के दृष्टिगत आज देर सायं रेलवे स्टेशन तथा बस स्टैंड का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक द्वारा बस स्टैंड पर सुगम आवागमन हेतु अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं के निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आठ आठ घंटे के शिफ्ट में कार्मिकों की ड्यूटी लगाई जिससे बसों के आवागमन इत्यादि के संदर्भ में अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े, पेयजल की भी उपलब्धता रहे, शौचालय भी साफ रहे। उन्होंने हेल्प डेस्क की स्थापना के भी निर्देश दिए, जहां पर अभ्यर्थियों की समस्या का समाधान हो सके। जिलाधिकारी ने रेलवे स्टेशन के निरीक्षण के दौरान अभ्यर्थियों के ठहरने इत्यादि के संदर्भ में जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी द्वारा उपस्थित अन्य जनपदों से आए अभ्यर्थियों से संवाद भी किया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक शहरी, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।







