गाज़ीपुर। सादात वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर की वर्ष 2026-27 की क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता में समता महाविद्यालय सादात की पुरुष टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त किया है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय महाविद्यालय, सैदपुर के खेल मैदान पर किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों के धावकों ने हिस्सा लिया। इस कड़ी प्रतिस्पर्धा वाली प्रतियोगिता में प्रत्येक प्रतिभागी को 10 किलोमीटर की लंबी और चुनौतीपूर्ण दौड़ पूरी करनी थी। समता महाविद्यालय सादात के धावकों ने उत्कृष्ट खेल भावना और कड़े परिश्रम का परिचय देते हुए इस दूरी को तय किया और कॉलेज का नाम रोशन किया।महाविद्यालय की इस गौरवशाली पुरुष टीम में मनीष यादव , शिवम यादव, उमेश राजभर, अभिषेक राजभर, प्रियांशु यदव ने अपने बेहतरीन तालमेल से यह सफलता हासिल की। इस शानदार प्रदर्शन और सफलता पर समता पीजी कॉलेज के प्रबंधक सभाजीत सिंह यादव एवं प्राचार्य प्रो. पीयूष वर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने टीम के मुख्य कोच डॉ. जे.पी.एन. यादव और टीम मैनेजर डॉ. अशोक कुमार कुशवाहा के कुशल मार्गदर्शन की सराहना की। प्रबंधक और प्राचार्य ने संयुक्त रूप से कोच, मैनेजर और टीम के सभी पांचों सदस्यों को इस उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई व उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। खेल प्रेमियों और महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापकों व छात्रों ने भी खिलाड़ियों को इस कामयाबी पर बधाई दी है।



