गाजीपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज गाजीपुर में मरीज और तीमारदारों के साथ सुरक्षाकर्मियों और बाउंसरों द्वारा कथित मारपीट का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें गार्ड और बाउंसर एक व्यक्ति को डंडों से पीटते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में एक महिला लगातार बचाने की गुहार लगाती नजर आ रही है, लेकिन इसके बावजूद मारपीट जारी रहती है।पीड़ित मनोज कुमार यादव का आरोप है कि वह अपनी चार वर्षीय बेटी का इलाज कराने मेडिकल कॉलेज पहुंचे थे। डॉक्टर द्वारा दवा लिखे जाने के बाद वह बाहर निकल गए, लेकिन दवा सेवन की जानकारी लेने के लिए दोबारा डॉक्टर के चैंबर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सिक्योरिटी में तैनात बाउंसरों ने उन्हें रोक दिया और अभद्रता शुरू कर दी।
मनोज कुमार यादव के अनुसार मामूली कहासुनी के बाद मेडिकल कॉलेज में तैनात बाउंसर अभिमन्यु सिंह ने डंडे से हमला कर दिया। आरोप है कि बाउंसरों ने मनोज, उनकी पत्नी और चार साल की मासूम बच्ची तक की पिटाई कर दी। घटना में परिवार के लोगों को चोटें आई हैं।वायरल वीडियो में मेडिकल कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी और हंगामे जैसी स्थिति साफ दिखाई दे रही है। घटना के बाद पीड़ित परिवार कोतवाली पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं घटना के बाद मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था और बाउंसरों के व्यवहार को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
video
https://www.instagram.com/reel/DYsCK4GyRre/?igsh=MWNrY2l4ZGpueGZwZw==



