गाजीपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के बयेपुर गांव में आग लगने से छह रिहायशी झोपड़ियां पूरी तरह जलकर राख हो गईं। इस हादसे में झोपड़ियों में रखा लाखों रुपये का घरेलू सामान नष्ट हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, आग की शुरुआत एक झोपड़ी में चूल्हे पर खाना बनाते समय निकली चिंगारी से हुई। देखते ही देखते आग ने आसपास स्थित अन्य झोपड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। क्षेत्र में लकड़ी और झोपड़ियों की अधिकता के कारण आग तेजी से फैलती चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक आधा दर्जन झोपड़ियों में रखा सारा सामान जलकर खाक हो चुका था।
आसपास के लोगों ने बताया कि यदि समय रहते दमकल विभाग नहीं पहुंचता, तो आग और भी विकराल रूप ले सकती थी। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।



