गाजीपुर:- मुहम्मदाबाद नगर के शाहनिंदा मोहल्ले में 15 वर्षीय छात्रा की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है। परिजनों के अनुसार छात्रा लंबे समय से अपमान और मानसिक प्रताड़ना से जूझ रही थी। आरोप है कि स्कूल में सहपाठियों द्वारा ताने दिए जाने और शिकायत पर शिक्षक द्वारा मारपीट किए जाने से आहत होकर छात्रा ने कीटनाशक का सेवन कर लिया।
मृतका के पिता अजय यादव ने कोतवाली में तहरीर देकर दो छात्राओं और एक शिक्षक को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया गया कि छात्रा आर्य समाज जूनियर हाईस्कूल, मुहम्मदाबाद में कक्षा 10 की छात्रा थी। घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था। सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।



