गाजीपुर में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका मामा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा शहर कोतवाली क्षेत्र के सकलेनाबाद इलाके में हुआ, जहां एक रोडवेज बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।जानकारी के अनुसार नंदगंज निवासी 36 वर्षीय लक्ष्मीनारायण गुप्ता अपने मामा जयप्रकाश गुप्ता के साथ बाइक से भांवरकोल थाना क्षेत्र के वीरपुर गांव जा रहे थे। दोनों अपने घर में होने वाले तेरहवीं कार्यक्रम का कार्ड बांटने निकले थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रोडवेज बस की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चला रहे लक्ष्मीनारायण गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके मामा जयप्रकाश गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को तत्काल मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और विशेश्वरगंज चौराहे के पास से रोडवेज बस और उसके चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस भेज दिया। परिजनों के अनुसार लक्ष्मीनारायण गुप्ता कोलकाता में नौकरी करते थे और तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गांव आए हुए थे। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।



