गाजीपुर। महर्षि विश्वामित्र मेडिकल कॉलेज में तीमारदार की पिटाई का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एमएलसी विशाल सिंह चंचल मेडिकल कॉलेज पहुंचे और पूरे प्रकरण का स्थलीय निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान एमएलसी ने अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, बाउंसरों की तैनाती और घटना से संबंधित जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने पीड़ित पक्ष से भी बातचीत कर घटना की पूरी जानकारी हासिल की। एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने कहा कि अस्पताल इलाज और सेवा का स्थान होता है, जहां मरीज और तीमारदार सुरक्षित महसूस करें। यदि किसी भी स्तर पर मरीजों या उनके परिजनों के साथ दुर्व्यवहार या मारपीट हुई है तो यह बेहद गंभीर मामला है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।उन्होंने मेडिकल कॉलेज प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था को मानवीय और जिम्मेदार बनाने की बात कही। साथ ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की।गौरतलब है कि हाल ही में मेडिकल कॉलेज में एक तीमारदार और उसके परिवार के साथ कथित मारपीट का वीडियो वायरल हुआ था। आरोप है कि मेडिकल कॉलेज में तैनात गार्डों और बाउंसरों ने तीमारदार के साथ मारपीट की, जिसमें महिला और बच्ची के साथ भी अभद्रता हुई। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।मामले के तूल पकड़ने के बाद अब मेडिकल कॉलेज प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



