28 वर्षीय प्रियंका यादव 2025 बैच की सिपाही थीं, मंगलवार सुबह पहरा ड्यूटी के दौरान हुआ हादसा, जिला अस्पताल में तोड़ा दम
महिला थाना मंझनपुर में तैनात एक महिला सिपाही की ड्यूटी के दौरान रायफल से गोली लगने से दुखद मौत हो गई। मृतका की पहचान प्रियंका यादव (28) के रूप में हुई है, जो गाजीपुर जिले के दूल्हापुर क्षेत्र के सिखरी गांव की निवासी थीं। मंगलवार सुबह लगभग साढ़े दस बजे प्रियंका यादव महिला थाना मंझनपुर में पहरा ड्यूटी पर तैनात थीं। इसी दौरान अचानक उनकी सर्विस रायफल से गोली चल गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। साथी सिपाहियों ने तत्काल उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। प्रियंका 2025 बैच की सिपाही थीं और यह उनकी पहली पोस्टिंग थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह हादसा बताया जा रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मृतका के परिवार को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने मामले की गहन जांच का आश्वासन दिया है।



