गाजीपुर। वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर सोमवार सुबह गोमती नदी पुल के पास एक दर्दनाक हादसा हो गया। गाजीपुर से वाराणसी की ओर जा रहे एक ट्रक ने ओवरटेक करने के दौरान कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए, लेकिन घटना के बाद घबराए ट्रक चालक की जान चली गई।जानकारी के अनुसार, ओवरटेक के दौरान ट्रक कार से टकरा गया, जिससे कार के दोनों ओर के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। कार में सवार प्रशांत कुमार सिंह, अंजली सिंह, आशा सिंह तथा दो बच्चे आराध्य सिंह और सम्राट सिंह बाल-बाल बच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद ट्रक चालक रणजी पाल (53 वर्ष), निवासी सोनभद्र, घबरा गया और उसने गोमती नदी पुल से छलांग लगा दी। बताया जा रहा है कि चालक को नीचे पानी होने का भ्रम था, लेकिन पर्याप्त पानी न होने के कारण वह सीधे जमीन पर गिर गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।



